हाइकोर्ट को मिले दो न्यायधीश
शिमला। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को दो नए न्यायाधीश मिल गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर जियालाल भारद्वाज और रोमेश वर्मा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके बाद दोनों नए न्यायाधीश जल्द ही शपथ ग्रहण करेंगे।
वर्तमान समय में हिमाचल हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया समेत कुल 11 न्यायाधीश कार्यरत हैं। जियालाल भारद्वाज और रोमेश वर्मा की नियुक्ति के बाद यह संख्या बढ़कर 13 हो जाएगी। हाईकोर्ट में कुल स्वीकृत न्यायाधीशों के पद 17 हैं, जिनमें 13 स्थाई और 4 अतिरिक्त पद शामिल हैं।
हाल ही में न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान को हिमाचल से एलिवेट कर झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। इस समय हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में एक लाख से अधिक मामले लंबित हैं। ऐसे में दो और न्यायाधीशों की नियुक्ति से न्यायिक कामकाज में तेजी आने और पेंडिंग केसों के निपटारे में मदद मिलने की उम्मीद है।