मोदी दे रहे राहत, कांग्रेस सरकार ने जनता पर बढ़ाया बोझ : बिंदल
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को राहत देने का काम कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कांग्रेस सरकार ने पिछले तीन साल में जनता को परेशान करने के अलावा कुछ नहीं किया।
बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जनता पर 10 तरह के सेस थोप दिए हैं। बिजली के बिलों में 40% तक वृद्धि की गई है और डीजल पर 7.50 रुपये प्रति लीटर वैट बढ़ाकर आम लोगों पर 10 हजार करोड़ रुपये का बोझ डाला गया। सीमेंट पर टैक्स 7.50 रुपये से 16 रुपये कर दिया गया, पानी के बिलों में भारी उछाल आया, ग्रामीण क्षेत्रों में 100 रुपये मासिक पानी का बिल लगाया गया, अस्पतालों की पर्चियों पर 10 रुपये शुल्क जोड़ा गया और स्टाम्प ड्यूटी भी बढ़ाई गई।
इसके विपरीत, डॉ. बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी में सुधार कर जनता को 2 लाख करोड़ रुपये की राहत दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान से देश में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 2014 में देश में केवल 1,000 स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 1.60 लाख हो गए हैं। पहले 98% मोबाइल फोन आयात होते थे, लेकिन अब 98% मोबाइल भारत में बन रहे हैं, जिनमें आईफोन भी शामिल है। रक्षा क्षेत्र का निर्यात 686 करोड़ रुपये से बढ़कर 23,622 करोड़ रुपये हो गया है और भारत 7.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
बिंदल ने कहा कि योग, संस्कृति, खगोलशास्त्र और पर्यटन के क्षेत्र में भी भारत की पहचान विश्वभर में मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं और इसी कारण आज भी देश-विदेश में उनका “मैजिक” बरकरार है।