आपदा से त्रस्त हिमाचल, स्वास्थ्य विभाग का लंदन-पेरिस टूर प्लान और हिमुडा पद समाप्ति पर भाजपा का हमला
शिमला/28/09/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद जनता अब तक परेशान है। सड़कों, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं बहाल नहीं हो पाई हैं और लोग अस्पतालों में इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर मरीजों का इलाज हिम केयर भुगतान न होने से बीच में ही रुक गया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग सरकारी खर्चे पर परिवार और मित्रों के साथ लंदन-पेरिस घूमने का प्लान बना रहा है। जयराम ठाकुर ने इस सरकार को “व्यवस्था परिवर्तन वाली बेशर्म सरकार” बताया और कहा कि आपदा के बीच भी संस्थानों को बंद करने और शिफ्ट करने का काम जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रंग और सराज विधानसभा क्षेत्र में खोले गए पीडब्ल्यूडी डिवीजन को आपदा के दौरान ही पंडोह शिफ्ट कर दिया गया, जो जनता के साथ अन्याय है।
वहीं, हिमुडा विभाग में 327 पदों को समाप्त करने के फैसले पर भी भाजपा ने सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को घेरा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 633 पदों में से 55% से अधिक पद एक अधिसूचना से खत्म कर दिए हैं। इसमें सीनियर असिस्टेंट, क्लर्क, डिविजनल अकाउंटेंट, स्टेनो टाइपिस्ट और सर्वेयर जैसे पद शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पहले स्कूल, कॉलेज, पटवार सर्कल और संस्थान बंद करने के लिए जानी गई और अब पूरे विभागों को बंद करने की राह पर है। बिंदल ने कहा कि सिरमौर जैसे पिछड़े क्षेत्र से भी डिवीजन हटा दिया गया है और मंत्री अपने इलाके में ले गए हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पद समाप्ति अभियान में सरकार का 100% स्ट्राइक रेट है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की बजाय आउटसोर्सिंग और रेगुलर भर्ती बंद कर दी है। अब युवाओं को मात्र 4500 रुपये प्रति माह का मित्र बनाकर मजाक किया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि आपदा से जूझ रही जनता मदद की आस में है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की बजाय संस्थान और पद समाप्त करने व विदेश टूर की योजनाओं में व्यस्त है।