NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

तमिलनाडु के करुर में विजय रैली में भगदड़, 39 की मौत, 44 अस्पताल में भर्ती

करुर/28/09/2025

tamil nadu

तमिलनाडु के करुर में शनिवार को एक्टर से नेता बने विजय की चुनावी रैली में भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में 8 बच्चे और 16 महिलाएं भी शामिल हैं। कुल 95 लोग घायल हुए, जिनमें से 51 को सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में और 44 को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकांश घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। तमिलनाडु के डीजीपी जी वेंकटारमन ने बताया कि विजय के रैली स्थल पर देर से पहुंचने के कारण भीड़ बढ़ गई, जिससे भगदड़ हुई। सोशल मीडिया पर घटना स्थल के भयावह दृश्य वायरल हो रहे हैं, जिसमें बिखरे हुए जूते और घायल लोग नजर आए।

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे को अत्यंत गंभीर बताते हुए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच आयोग गठित किया है। उन्होंने मृतक परिवारों को 10 लाख रुपये और घायल लोगों को 1 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। स्टालिन ने सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा कर घायलों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम स्टालिन ने कहा कि यह तमिलनाडु के इतिहास में किसी राजनीतिक कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में मौत होने की पहली घटना है। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जांच आयोग के माध्यम से हादसे की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और राज्य सरकार से जानकारी तलब की है। हादसे के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा और रैली आयोजन के नियमों पर कड़ा ध्यान दिया जा रहा है।

Scroll to Top