एशिया कप फाइनल में इतिहास रचने को तैयार अभिषेक शर्मा, तोड़ सकते हैं कोहली-रोहित का रिकॉर्ड
हैदराबाद/28/09/2025
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल आज रात 8 बजे खेला जाएगा। इस महामुकाबले में भारतीय क्रिकेट फैंस की निगाहें टीम इंडिया के धाकड़ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर टिकी हैं। टूर्नामेंट में उनका बल्ला लगातार रन बरसा रहा है और अब वह कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने की दहलीज पर खड़े हैं।
लगातार रन बरसा रहे अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 की 6 पारियों में अब तक 309 रन बनाए हैं। उन्होंने 51.50 की औसत और 204.63 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए 3 अर्धशतक जड़े हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 31 चौके और 19 छक्के निकले हैं। वे टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी हैं।
विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से 11 रन दूर
अभिषेक शर्मा के पास विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है। कोहली ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में 4 अर्धशतकों की मदद से 319 रन बनाए थे। अगर अभिषेक फाइनल में सिर्फ 11 रन और बना लेते हैं, तो वे किसी मल्टी-नेशन टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
फिल साल्ट के रिकॉर्ड पर भी नजर
25 वर्षीय अभिषेक सिर्फ 23 रन दूर हैं इंग्लैंड के फिल साल्ट से, जिन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20I मैचों में 2 शतक जड़कर सर्वाधिक रन बनाए थे। अगर अभिषेक इस फाइनल में बड़ी पारी खेलते हैं, तो वह साल्ट को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
रोहित शर्मा और मोहम्मद रिजवान से आगे निकलने का मौका
अभिषेक शर्मा लगातार 7 पारियों में 30+ स्कोर बना चुके हैं। अब अगर फाइनल में भी वह 30 से अधिक रन बनाते हैं, तो वे रोहित शर्मा और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (जिन्होंने 7-7 बार यह कारनामा किया) से आगे निकल जाएंगे।
साल 2025 में जबरदस्त प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा का 2025 का साल शानदार रहा है। उन्होंने इस साल खेले गए 11 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 588 रन बनाए हैं। उनका औसत 53.45 और स्ट्राइक रेट 211.51 रहा है। इसमें से 309 रन केवल एशिया कप में ही आए हैं।
साफ है कि आज का फाइनल सिर्फ भारत और पाकिस्तान की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभिषेक शर्मा के लिए ऐतिहासिक बनने का मौका भी है।