NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल के कांगड़ा में सनसनी भतीजे ने चाचा की चाकुओं से की हत्या

कांगड़ा/28/09/2025

chacha murder

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में इंसानियत और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड़ गांव में भतीजे ने जमीन विवाद को लेकर अपने ही सगे चाचा की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और मातम पसर गया है।

काम पर जाते वक्त रोककर किया हमला

मृतक अशोक कुमार (40) सुबह करीब 8 बजे घर से काम पर जा रहे थे। तभी उनके भतीजे सुखविंदर (28) ने रास्ते में रोककर उनसे कहासुनी शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से लगातार तीन वार कर अपने ही चाचा को लहूलुहान कर दिया।

पहले भी हो चुकी थी मारपीट

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी सुखविंदर का पहले भी अशोक कुमार से झगड़ा हो चुका था। उस समय भी उसने अपने चाचा से हाथापाई की थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था। इस बार विवाद इतना भड़क गया कि उसने उनकी जान ले ली।

खून से लथपथ सड़क पर गिरे अशोक

हमले के बाद अशोक कुमार खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीण तुरंत उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अशोक कुमार हाल ही में सरकारी योजना के तहत बने नए मकान में अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रह रहे थे। उनकी मौत से पूरा परिवार बिखर गया है। गांव के लोगों ने उन्हें मिलनसार और शरीफ इंसान बताया, जो हमेशा अपने काम से काम रखते थे।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सुखविंदर अविवाहित था और कोई कामधंधा नहीं करता था।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा है, जिसने रिश्तों की पवित्रता और आपसी विश्वास को झकझोर दिया है।

Scroll to Top