हिमाचल की सिमरनजीत कौर बनी जज, रोजाना 18 घंटे करती थीं पढ़ाई
ऊना/28/09/2025
ऊना। हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा में बसदेहड़ा गांव की सिमरनजीत कौर ने सफलता हासिल कर जज बनकर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। सिमरनजीत के पिता अमरीक सिंह पेशे से ट्रक चालक हैं और अपनी बेटी की इस सफलता पर भावुक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके ताया के बेटे इकबाल सिंह और उनकी पत्नी हरप्रीत कौर का योगदान अहम रहा।
सिमरनजीत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, मैहतपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की और एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) की पढ़ाई भी पूरी की। न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने चंडीगढ़ के एक कोचिंग सेंटर से कोचिंग ली। अपने लक्ष्य को पाने के लिए सिमरनजीत रोजाना 15 से 18 घंटे तक पढ़ाई करती थीं।
सिमरनजीत ने कई प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की और अंततः हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर जज बनने का सपना साकार किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ताया के बेटे इकबाल और उनकी पत्नी हरप्रीत कौर को दिया। उनकी यह उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।