NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सतपाल सत्ती ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा जीएसटी 2.0 से हिमाचल को कोई घाटा नहीं

शिमला/28/09/2025

sattpal

शिमला: विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सतपाल सिंह सत्ती ने हिमाचल सरकार के मंत्री राजेश धर्माणी के बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें मंत्री ने जीएसटी 2.0 लागू होने के कारण हिमाचल में वित्तीय घाटे की आशंका जताई थी। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता आम जनता के हितों के प्रति कभी गंभीर नहीं होते और जनहित के हर निर्णय का विरोध करना इनकी आदत बन गई है। उनका एक ही काम है – केवल विरोध के लिए विरोध करना।

भाजपा नेता ने कहा कि यूपीए सरकार के समय में टैक्स प्रणाली में पारदर्शिता नहीं थी और कुछ वस्तुओं पर 45 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जाता था। उस समय भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे कमजोर अर्थव्यवस्था मानी जाती थी। 2014 के बाद मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के आते ही भारतीय अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिला है।

सत्ती ने कहा कि जब जीएसटी लागू हुआ था, तब 4 स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) रखे गए थे, जिससे टैक्स प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता आई। इसके परिणामस्वरूप, भारत की अर्थव्यवस्था कांग्रेस के समय 11वें पायदान से आज चौथे पायदान पर पहुंच चुकी है और अगले दो सालों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय केंद्र की मोदी सरकार को जाता है।

सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी जीएसटी को पहले “गब्बर सिंह टैक्स” कहते थे और इसका जोरदार विरोध करते थे। अब जब केंद्र सरकार ने जीएसटी के 4 स्लैबों को बदलकर केवल 2 स्लैब (5% और 12%) किया है, तो हिमाचल के कांग्रेसी नेता 1000 करोड़ के वित्तीय घाटे की बात कर रहे हैं। सत्ती ने कहा कि वास्तविकता यह है कि जीएसटी में हुए बदलाव से हिमाचल को कोई घाटा नहीं होगा, बल्कि राज्य की आय में प्रतिवर्ष 14 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि नई जीएसटी दरों से आम जनता को रोजमर्रा की वस्तुओं में लाभ मिल रहा है और व्यापारी वर्ग भी केंद्र के इस निर्णय से खुश है। उन्होंने इसे दिवाली के मौके पर आम जनता के लिए एक बेहतरीन तोहफा बताया।

सत्ती ने कहा कि नेक्स्ट जेन जीएसटी लागू होने से भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को और मजबूती और गति मिलेगी और यह सुधार देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।

Scroll to Top