NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला रोहड़ू छुआछूत कांड: 12 वर्षीय मासूम की आत्महत्या मामले में आरोपित महिला को हाईकोर्ट से जमानत

शिमला/29/09/2025

highcourt

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव क्षेत्र से सामने आया छुआछूत का मामला अब न्यायालय तक पहुंच चुका है। इस मामले में आरोपित महिला को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से 6 अक्टूबर तक अग्रिम जमानत मिल गई है। अदालत ने पुलिस से उसी दिन मामले की स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कैसे हुई दर्दनाक घटना?

16 सितम्बर की शाम चिड़गांव के एक गांव में 12 वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते एक महिला के घर चला गया। आरोप है कि महिला ने जातिगत भेदभाव के चलते बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार किया। पहले उसे पीटा गया और फिर गौशाला में बंद कर दिया गया।

किसी तरह मासूम वहां से भागकर घर पहुंचा और अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। अपमान और प्रताड़ना से आहत होकर उसने घर पहुंचते ही जहर निगल लिया।

इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

शाम करीब 7:30 बजे पिता ने जब बेटे को अचेत पाया तो परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहड़ू ले गए। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने आईजीएमसी शिमला रेफर किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद 17 सितम्बर की रात लगभग 1:30 बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया।

मां के खुलासे से सामने आया सच

शुरुआत में परिजन कारण नहीं समझ पाए। लेकिन 18 सितम्बर को मां ने बताया कि गांव की तीन महिलाओं ने उसके बेटे को पीटा और गौशाला में बंद कर दिया था। इसी अपमान और सदमे से टूटकर बच्चे ने यह कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 107, 127(2), 115(2), 3(5) और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Atrocities Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपित महिला ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे अदालत ने 6 अक्टूबर तक मंजूर कर लिया है।

समाज में गुस्सा और सवाल

12 साल के मासूम की आत्महत्या से पूरा इलाका सदमे में है। लोग गुस्से में पूछ रहे हैं कि आखिर 21वीं सदी में भी छुआछूत जैसी अमानवीय प्रथाएं कैसे जिंदा हैं? गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है।

Scroll to Top