NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला कोटखाई सुसाइड केस: 10वीं की छात्रा ने हॉस्टल से कूदकर दी जान, आज होगा पोस्टमार्टम

शिमला/29/09/2025

pos

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा ने हॉस्टल की ऊपरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। हरियाणा के पानीपत की रहने वाली 16 वर्षीय जेसिका को गंभीर हालत में कोटखाई अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शव का आज आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम होगा।

परिजनों के आरोप और शंकाएं

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल प्रशासन पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि बच्ची के साथ स्कूल में कुछ गलत हुआ होगा, जिसके चलते उसने सुसाइड किया। शुरू में परिजनों को संदेह था क्योंकि तब तक उन्होंने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज नहीं देखे थे।

हालांकि, जब परिवार ने फुटेज देखे तो उनका कहना है कि जेसिका पूरी तरह सामान्य नजर आ रही थी। सुबह उसने दो बार वॉशरूम का इस्तेमाल किया और बाल बनाए। फुटेज में किसी तरह की घबराहट या असामान्यता नहीं दिखी।

बेटी के व्यवहार पर पिता का बयान

जेसिका के पिता दीपक शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी के व्यवहार में बीते दिनों कोई बदलाव नहीं था। वह नॉर्मल थी और स्कूल बदलने की बात भी कभी नहीं की। उल्टा, उसने कहा था कि वह इसी स्कूल में पढ़ाई जारी रखेगी क्योंकि वहां उसकी अच्छी फ्रेंड्स बन गई हैं।

पिता ने आगे कहा कि स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने उन्हें पूरा सहयोग दिया है और अब उन्हें किसी पर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने भावुक होकर कहा – “हो सकता है बेटी का उनसे यही तक का संबंध लिखा हो।”

बीते साल ही लिया था दाखिला

जानकारी के मुताबिक, जेसिका ने पिछले साल ही शिमला के रूट्स कंट्री स्कूल में 8वीं कक्षा में दाखिला लिया था। वर्तमान में वह 10वीं में पढ़ रही थी। उसका बड़ा भाई भी इसी स्कूल में 12वीं का छात्र है। जेसिका के पिता दीपक शर्मा हरियाणा के उरलाना कलां गांव की गोशाला के प्रधान हैं और वहीं हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं।

पुलिस जांच जारी

एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है। स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के पीछे के कारणों की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Scroll to Top