हिमाचल में कांग्रेस सरकार के फैसलों से कर्मचारी और जनता परेशान: भाजपा
शिमला/29/09/2025
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने जनता और कर्मचारियों के लिए समस्याएं पैदा कर दी हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों ने कर्मचारियों की नौकरी और आम जनता की सेवाओं पर सीधे असर डाला है।
राकेश जमवाल ने कहा कि राज्यभर में 108-102 एम्बुलैंस कर्मचारियों की मांगें पूरी न होने के कारण हड़ताल पर जा रहे हैं। इस वजह से 2 अक्टूबर रात 8 बजे से 3 अक्टूबर रात 8 बजे तक एम्बुलैंस सेवाएं बाधित रहेंगी। कर्मचारी यूनियन का आरोप है कि एनएचएम के अधीन काम कर रहे कर्मचारियों के साथ शोषण हो रहा है, जबकि सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
उन्होंने बताया कि हिमुडा में कुल 633 पद स्वीकृत थे, जिनमें से 352 भरे गए थे और 281 रिक्त थे। मगर कांग्रेस सरकार ने 327 पद समाप्त कर दिए, जिससे बेरोजगार युवाओं और नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी चुनौती पैदा हुई है। वन विभाग में 385 रिक्त पदों पर भी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दे रही है।
राकेश जमवाल ने कर्मचारियों के वेतन और हायर ग्रेड-पे को लेकर भी कांग्रेस पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने 6 सितंबर 2022 को हायर ग्रेड-पे में दो साल की शर्त हटा दी थी, जिससे कर्मचारियों के वेतन में 10 से 20 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई। लेकिन कांग्रेस सरकार ने कुछ समय पहले नोटिफिकेशन जारी करके कर्मचारियों का वेतन घटा दिया। बाद में यह नोटिफिकेशन वापस लेनी पड़ी, लेकिन इस पर जांच बैठा दी गई।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह केवल कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भी गंभीर समस्या है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार को अपने फैसलों में सुधार करना होगा और जनता और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।