NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यक्रम में पहुंचे जयराम ठाकुर, कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना

शिमला/29/09/2025

jai ram

शिमला के गंज बाजार स्थित राम मंदिर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगठन को मज़बूत करने की दिशा में उनका उत्साह और समर्पण सराहनीय है।

जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली बार भाजपा अल्पमत के कारण सरकार बनाने से चूक गई थी, लेकिन इस बार अल्पसंख्यक मोर्चा उस कमी को पूरा करेगा और भाजपा की जीत में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाकर जनता का विश्वास जीतेंगे।

इस अवसर पर पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने, अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी को बढ़ाने और जनता की सेवा को प्राथमिकता देने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जयराम ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह जज़्बा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और भाजपा के विजय अभियान में अहम योगदान देगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला, शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान, शिमला शहरी से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Scroll to Top