NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

होटल खरीद विवाद पर आरएस बाली का पलटवार: सौदा पारदर्शी, करेंगे मानहानि का मुकदमा

पालमपुर/30/09/2025

hotel

पालमपुर : पालमपुर में एक होटल की खरीद को लेकर उठे विवाद पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि यह सौदा नियमों के तहत और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुआ है।

बाली ने कहा कि कुछ लोग झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाकर उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि आरोप लगाने वालों को पहले सार्वजनिक माफी मांगने का समय दिया जाएगा, अन्यथा उनके खिलाफ अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।

होटल डील का पूरा ब्योरा

आरएस बाली ने होटल खरीद सौदे की पूरी प्रक्रिया साझा की। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त को एक अंग्रेजी अखबार में होटल की बिक्री और ज्वाइंट वेंचर का विज्ञापन प्रकाशित हुआ था। इसके बाद होटल का सौदा 24 करोड़ रुपये में तय हुआ। इसमें से 18 करोड़ रुपये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से लिए गए लोन और 6 करोड़ रुपये उनके निजी खाते से दिए गए। पूरी डील चेक और डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से की गई।

बाली ने बताया कि होटल मालिकों ने 2013 से 2016 के बीच बैंक से लोन लिया था, जिसकी अदायगी वे करने में असमर्थ रहे। बाद में बैंक ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) स्कीम के तहत लोन निपटाने की प्रक्रिया शुरू की।

ओटीएस स्कीम का सच

आरएस बाली ने स्पष्ट किया कि यह योजना किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं लाई गई थी, बल्कि यह आरबीआई के दिशा-निर्देशों के तहत 2022 में भाजपा सरकार के समय लागू हुई थी। इस योजना से करीब 5,461 लोग लाभान्वित हुए। होटल मालिकों ने भी इसी स्कीम के तहत 16 नवंबर 2022 को 2.20 करोड़ रुपये जमा कराए थे।

बाली ने बताया कि यह स्कीम 2024 में भी लागू रही, जिसमें 1,800 से अधिक लोग लाभान्वित हुए। उन्होंने कहा कि सौदे से संबंधित सभी लेन-देन दस्तावेजों और बैंकिंग प्रक्रिया के तहत हुए हैं, इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं है।

राजनीतिक साजिश का आरोप


आरएस बाली ने कहा कि उन्हें भलीभांति पता है कि इसके पीछे कौन-कौन से नेता और अधिकारी हैं। उनका कहना है कि इस तरह के आरोप सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए लगाए जा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि होटल की खरीद पूरी तरह से वैध और पारदर्शी रही है।

बाली ने दोहराया कि वे इस मामले में किसी भी तरह की राजनीति नहीं चाहते, लेकिन अगर आरोप लगाने वाले पीछे नहीं हटे तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने में देर नहीं करेंगे।

Scroll to Top