CM सुक्खू ने मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी
शिमला/30/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश को आधुनिक जांच तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने राजधानी शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छह मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पुलिस विभाग को समर्पित किया। ये वाहन डायरेक्टोरेट ऑफ़ फॉरेंसिक सर्विस के अधीन कार्य करेंगे और अपराध स्थलों पर वैज्ञानिक एवं तेज़ जांच सुनिश्चित करने में मददगार साबित होंगे।
सरकार की इस पहल को प्रदेश में अपराधों की जांच के क्षेत्र में मील का पत्थर माना जा रहा है। प्रत्येक मोबाइल फॉरेंसिक वाहन की कीमत लगभग 65 लाख रुपये है और इन्हें अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। वाहनों में आधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिनकी मदद से पुलिस मौके पर ही साक्ष्य जुटाकर अपराधों की पड़ताल कर सकेगी। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज़ होगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह कदम प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मज़बूत करेगा और अपराधियों को सज़ा दिलाने की प्रक्रिया को और गति देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये मोबाइल फॉरेंसिक वाहन न्याय प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और जनता के भरोसे को और मज़बूत करेंगे।