भाजपा ने हिमाचल में "जमीन बचाओ, मकान बचाओ" समिति का गठन किया
शिमला/30/09/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश के नागरिकों की जमीन और मकानों की सुरक्षा के लिए "जमीन बचाओ, मकान बचाओ" समिति का गठन किया है। इस समिति का गठन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया है। समिति के संयोजक वरिष्ठ प्रवक्ता एवं विधायक त्रिलोक जमवाल होंगे, जबकि सदस्य सचिव प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सदस्य विधायक सुधीर शर्मा, मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा होंगे।
समिति के सदस्य एवं विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर के दिहाड़ीदार मजदूर और किसान, जो कई पीढ़ियों से सरकारी भूमि पर रह रहे हैं, कांग्रेस सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण बेघर होने की कगार पर हैं। भाजपा ने संकल्प लिया है कि इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाया जाएगा, ताकि भूमिहीनों को फिर से भूमिहीन न होना पड़े।
हिमाचल प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1954 की धारा 163 सामान्य भूमि पर किए गए अतिक्रमण को रोकने और हटाने से संबंधित है। हालांकि, धारा 163-ए जो सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को नियमित करने की शक्ति राज्य सरकार को देती थी, उसे उच्च न्यायालय ने असंवैधानिक घोषित कर दिया था। सितंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया, जिससे भूमि पर बेदखली के खतरे का सामना कर रहे किसानों को राहत मिली।
भूमि नियमितीकरण नीति के तहत हिमाचल में 1.65 लाख लोगों ने आवेदन किया था। इस नीति के अनुसार 2002 में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों से आवेदन मांगे गए थे। पूर्व भाजपा सरकार ने भू-राजस्व अधिनियम में संशोधन कर धारा 163-ए जोड़ी, जिससे लोगों को 5 से 20 बीघा तक जमीन नियमित करने का प्रावधान था।
इस समिति का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की जमीन और मकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान कराना है।