हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड बागवानी सहयोग पर विचार, सेब और नाशपाती की खेती में होगा सुधार
शिमला/30/09/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज न्यूजीलैंड के उच्च आयुक्त पैट्रिक जॉन राटा की अध्यक्षता वाले प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड में कई समानताएं हैं और बागवानी क्षेत्र, विशेषकर सेब और नाशपाती की खेती, में सहयोग से राज्य के बागवानों की आर्थिकी में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड की उन्नत बागवानी विधियों, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और किसानों के प्रशिक्षण से प्रदेश का उत्पादन बढ़ेगा, फसल उपरान्त प्रबंधन सुदृढ़ होगा और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुसार हिमाचल के उत्पाद वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती से खड़े होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ उच्च घनत्व बागवानी, बगीचों का प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, भंडारण और विपणन रणनीतियों में मार्गदर्शन प्रदान कर सकते हैं। इससे न केवल उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि हिमाचल की बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार सेब उत्पादकों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले ढाई वर्षों में कई कदम उठाए गए हैं। यूनिवर्सल कार्टन की शुरुआत से बागवानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं, और न्यूजीलैंड की विशेषज्ञता के सहयोग से हिमाचल आधुनिक, सतत और जलवायु अनुकूल तकनीकों को अपनाकर सेब और नाशपाती की खेती में एक नया युग शुरू करेगा।
इस अवसर पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सचिव बागवानी सी.पालरासू, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, निदेशक बागवानी विनय सिंह, सीईओ एनजीएपीआई कैरेन मोरिश, प्रबंध निदेशक एप्लाइड रिसर्च एंड टेक्नोलॉजीज़ डॉ. डेविड मैंकटेलो, गैरी जोन्स और डेनिएला एडसेड भी बैठक में उपस्थित थे।