कुलदीप पठानियां बारबाडोज में 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे
शिमला/30/09/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत से बारबाडोज के लिए रवाना हो गए हैं। यह सम्मेलन 5 से 12 अक्तूबर, 2025 तक बारबाडोज की राजधानी ब्रिजटाऊन में आयोजित किया जाएगा। पठानियां ने नई दिल्ली से रात 2 बजे उड़ान भरी और यात्रा के पहले पड़ाव में आज प्रातः भारतीय समयानुसार 7:30 बजे लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंच गए। उनके साथ विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी सम्मेलन में भाग लेने रवाना हुए हैं।
कुलदीप पठानियां 3 अक्तूबर को लंदन से ब्रिजटाऊन के लिए रवाना होंगे। सम्मेलन के दौरान वे आयोजित सत्रों में चर्चा के लिए लाए गए विषयों पर अपना सम्बोधन देंगे और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। पठानियां भारत के सर्वश्रेष्ठ पीठासीन अधिकारियों में शुमार हैं और अपने बेबाक और जोशीले अंदाज के लिए परिचित हैं।
इस वर्ष के सम्मेलन में “प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना: डिजिटल परिवर्तनों के माध्यम से लोकतंत्र को बढ़ावा देना और डिजिटल विभाजन से निपटना” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। कुलदीप पठानियां 5 से 12 अक्तूबर के बीच तीन चयनित विषयों पर अपना सम्बोधन देंगे, जबकि विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
यह सम्मेलन लोकतंत्र और नागरिक सहभागिता को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन, विशेषज्ञ और प्रतिनिधि इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मौजूद रहेंगे।
सूत्र: हरदयाल भारद्वाज, संयुक्त निदेशक एवं मुख्य प्रवक्ता, हिमाचल प्रदेश विधान सभा