NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भारत के आगे झुका पाकिस्तान, मोहसिन नकवी ने मांगी माफी – एशिया कप ट्रॉफी पर विवाद बरकरार

हैदराबाद/01/10/2025

paki

हैदराबाद: एशिया कप 2025 जीतने के बाद भी टीम इंडिया को अब तक ट्रॉफी नहीं मिली है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी भारत को सौंपने से इनकार कर दिया था। इस मुद्दे पर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में बीसीसीआई (BCCI) ने नकवी को कड़ी फटकार लगाई।

टीम इंडिया ने नकवी से लेने से किया इनकार

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीता था, लेकिन टीम इंडिया एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेना नहीं चाहती थी। जब भारतीय खिलाड़ियों ने मंच पर ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया, तो नकवी ट्रॉफी और मेडल लेकर होटल लौट गए। उन्होंने शर्त रखी कि एक अलग कार्यक्रम में भारतीय खिलाड़ी उनसे ट्रॉफी और मेडल ग्रहण करें।

बीसीसीआई ने लगाई नकवी की क्लास

बैठक में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और प्रतिनिधि आशीष शेलार ने इस मामले पर जमकर विरोध जताया। राजीव शुक्ला ने कहा – “यह एसीसी की ट्रॉफी है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। विजेता टीम को ट्रॉफी क्यों नहीं सौंपी गई?”। वहीं, शेलार ने आरोप लगाया कि नकवी ने भारत को न तो ट्रॉफी दी और न ही जीत की औपचारिक बधाई दी।

नकवी की सफाई और माफी

नकवी ने सफाई देते हुए कहा कि भारत की ओर से उन्हें लिखित में कोई सूचना नहीं दी गई थी कि खिलाड़ी उनसे ट्रॉफी नहीं लेंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई और बीसीसीआई से माफी मांगी। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स का दावा है कि नकवी अब भी औपचारिक तौर पर भारत को ट्रॉफी देने से बच रहे हैं।

बैठक में बढ़ा विवाद

जब नकवी ने नेपाल और मंगोलिया को एसीसी में शामिल होने पर बधाई दी, लेकिन भारत को एशिया कप जीतने की बधाई नहीं दी, तो बीसीसीआई प्रतिनिधि आशीष शेलार भड़क गए और मीटिंग बीच में ही छोड़कर बाहर चले गए। इस दौरान एशिया के तमाम क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मौजूद थे।

बीसीसीआई का साफ रुख

बीसीसीआई ने मीटिंग में साफ कह दिया कि ट्रॉफी हमें एसीसी कार्यालय से लेनी होगी और इसमें कोई चर्चा नहीं होगी। इसके बावजूद नकवी ने फिर भी ट्रॉफी सौंपने से इनकार कर दिया और कहा कि “सूर्या (भारतीय कप्तान) एसीसी कार्यालय आएं और वहीं से ट्रॉफी और मेडल ले जाएं।”


इस पूरे घटनाक्रम से भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों में और तनाव बढ़ गया है। बीसीसीआई का रुख साफ है कि ट्रॉफी और मेडल टीम इंडिया का हक है और किसी भी शर्त के तहत उन्हें रोका नहीं जा सकता। वहीं, नकवी के रवैये की एसीसी मीटिंग में जमकर आलोचना हुई है।

यह विवाद अभी भी जारी है और देखना होगा कि आखिरकार टीम इंडिया को एशिया कप की ट्रॉफी कब और कैसे सौंपी जाती है।

Scroll to Top