NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में कांग्रेस सरकार पर नड्डा का हमला, जनता पर बढ़ाया टैक्स का बोझ

शिमला/01/10/2025

nadda

शिमला: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाने और राहत योजनाओं का लाभ रोकने का आरोप लगाया है। नड्डा ने कहा कि पूरे भारत में नवरात्र और मां दुर्गा के अधिष्ठान के अवसर पर श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ जीएसटी बचत उत्सव मनाया जा रहा है। देश भर में आम लोगों को दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर जीएसटी या तो जीरो कर दिया गया है या इसे काफी कम कर दिया गया है, जिससे जनता को प्रत्यक्ष राहत मिली है।

लेकिन नड्डा ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इस राहत का लाभ जनता तक नहीं पहुंचने दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से हिमाचल में घरों के निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर की पुनर्निर्माण जरूरतों के लिए सीमेंट पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% किया गया, जिससे 50 किलो की बोरी पर 30 रुपये तक की बचत होनी थी।

कांग्रेस सरकार पर आरोप:

नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमेंट पड़ोसी राज्यों में सस्ते दामों में उपलब्ध होता है, जबकि हिमाचल में महंगे दामों में बेचा जा रहा है। कांग्रेस सरकार ने एंटी डंपिंग ड्यूटी के नाम पर सीमेंट पर 16 रुपये तक अतिरिक्त टैक्स वसूलना शुरू कर दिया। इसके अलावा नड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार ने पानी के बिल, स्टाम्प ड्यूटी और ग्रामीण जलापूर्ति शुल्क में भी बढ़ोतरी की है, जबकि बिजली के बिलों में भी भारी बढ़ोतरी की गई।

नड्डा ने कहा कि यह सरकार झूठी गारंटियों के नाम पर हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बदहाल कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता समय आने पर इस जनविरोधी सरकार को सबक सिखाएगी।

“प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश की जनता को राहत देना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार अपनी तिजोरी भरने में लगी हुई है। यह अनैतिक और असंवेदनशील कदम है। हिमाचल प्रदेश की जनता को अब इस जनविरोधी नीति के खिलाफ आवाज उठानी होगी।”

Scroll to Top