किराए के कमरे से लापता हुई युवती, पिता ने दर्ज करवाई शिकायत
चम्बा/02/10/2025
चम्बा जिले से एक युवती के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। सलूणी क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी बेटी पढ़ाई के लिए चम्बा आई हुई थी और बालू नामक स्थान में किराए के कमरे में रहती थी। पिता ने बताया कि 28 सितम्बर को जब उन्होंने बेटी के मोबाइल फोन पर कॉल किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया। इसके बाद लगातार प्रयास करने के बावजूद दो दिन तक उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कहीं से भी बेटी के बारे में कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि उनकी बेटी का संपर्क क्षेत्र के ही एक युवक से था और वह मोबाइल पर उससे बातचीत करती थी। जानकारी के अनुसार, वही युवक भी रविवार को चम्बा आया था। लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिवार का शक और गहराता जा रहा है।
एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस मोबाइल नंबरों की लोकेशन और अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है ताकि युवती का पता लगाया जा सके। इस घटना से परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं और बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।