दिल्ली: GTB अस्पताल में MBBS छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
नई दिल्ली/02/10/2025
नई दिल्ली: दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित GTB अस्पताल में एक MBBS छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर शारीरिक उत्पीड़न और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। यह घटना बीते 26 सितंबर की बताई जा रही है। छात्रा ने मामले की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि इमरजेंसी ऑफिसर को सूचना दी गई कि उनके साथ अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद GTB अस्पताल प्रशासन सकते में है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक जांच समिति गठित की जाएगी, ताकि संस्थान की साख और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
छात्रा की शिकायत के बाद मेडिकल छात्रों और स्टाफ में भी गहरा आक्रोश देखा गया। कई छात्रों ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्रा को इस तरह की स्थिति का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। आरोप साबित होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।