NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

किन्नौर में करछम-सांगला मार्ग धंसी, गहरी दरारें; यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

किन्नौर/02/10/2025

kinnur

किन्नौर: जिले में करछम-सांगला-छितकुल संपर्क मार्ग बुधवार देर रात करीब 11 बजे धंस गया। यह मार्ग सांगला और छितकुल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ता है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अहम है।

करछम बिजली परियोजना के डैम साइट के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से गहरी दरारें पड़ गई हैं। हालांकि फिलहाल यह रास्ता यातायात के लिए खुला है, लेकिन प्रशासन ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, करछम डैम के आसपास पहले भी भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में भारी वाहनों और पर्यटकों को विशेष सतर्कता से यात्रा करने और रात के समय सफर से बचने की सलाह दी गई है।

इस मार्ग की यह घटना न केवल स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बनी है, बल्कि पर्यटन व्यवसाय और स्थानीय आवागमन दोनों पर भी असर डाल रही है।

बीआरओ पवारी के ओसी प्रदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना प्रबंधन को निर्देश दिए कि सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

यह सड़क मार्ग किन्नौर जिले के लिए जीवनरेखा माना जाता है और इसे जल्द से जल्द सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Scroll to Top