जाखू मंदिर में आज धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा, CM सुक्खू करेंगे शिरकत
रिमोट से जलेंगे रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले, 6 साल बाद लौटेंगी झांकियां
शिमला/02/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्राचीन जाखू हनुमान मंदिर परिसर में आज दशहरा पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्यातिथि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे। शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाले समारोह में CM सुक्खू रिमोट के जरिए रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन करेंगे।
रावण का 45 फीट ऊंचा पुतला
जाखू दशहरे में इस बार रावण का पुतला 45 फीट और कुंभकरण व मेघनाद के 40 फीट ऊंचे पुतले बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इस बार पुतलों को बनाने की जिम्मेदारी स्थानीय कारीगरों को दी गई, जबकि पहले यह काम बाहरी कारीगरों से कराया जाता था। मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
6 साल बाद झांकियों की वापसी
छह साल बाद इस बार दशहरा पर्व पर झांकियां भी निकाली जाएंगी। कोरोनाकाल के दौरान यह परंपरा रोक दी गई थी।
झांकियां शाम 4:30 बजे नाभा से शुरू होंगी और एजी चौक, चर्च, होली लॉज से होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचेंगी।
नाभा युवा मंडल के सदस्य झांकियों में नाट्य रूपांतरण करेंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
स्थानीय कलाकार वाद्ययंत्रों की धुनों पर प्रस्तुति देंगे।
सुरक्षा व व्यवस्थाएं पूरी
एसडीएम शहरी और जाखू मंदिर कमेटी की अध्यक्ष ओशीन शर्मा ने बताया कि दशहरा उत्सव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भक्तों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर उत्सव का आनंद ले सकें।
इस बार का जाखू दशहरा न सिर्फ असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक होगा बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं का भी उत्सव बनेगा।