उपमुख्यमंत्री ने जयसिंहपुर में एचआरटीसी बस अड्डा और डिपो का किया भूमि पूजन
जयसिंहपुर/02/10/2025
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एचआरटीसी के 51वें स्थापना दिवस के अवसर पर जयसिंहपुर के काथला में 4.39 करोड़ रुपए की लागत से बस अड्डा और बस डिपो का भवन निर्माण का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी में 2.48 लाख की लागत से ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति भवन और लंबागांव में 2.08 करोड़ रुपए की लागत से बहुद्देश्य भवन की आधारशिला रखी।
उपमुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मांगों को पूरा करने के लिए बस अड्डा और डिपो का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि हस्तांतरण बस अड्डा प्राधिकरण को पहले ही कर दिया गया है और निर्माण कार्य के लिए 4.39 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें पहली किश्त 1.20 करोड़ रुपए जारी कर दी गई है।
निर्माण और विकास योजनाओं पर जोर:
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बस अड्डा प्राधिकरण एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर देगा और समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए सरकार तत्पर है। इसके अलावा, बिलासपुर के भराड़ी में भी बस अड्डा निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पंचरुखी क्षेत्र की करीब 34 करोड़ की लागत वाली पेयजल योजना का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा नाबार्ड और जल जीवन मिशन के तहत चल रही विभिन्न पेयजल योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है और अगले एक माह में उनका लोकार्पण संभावित है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी प्रदेश में जनकल्याण के लिए समर्पित है और 94 प्रतिशत घाटे वाले रूट चलाकर भी आम जनता की सेवा कर रहा है।
सहयोगियों और स्थानीय नेताओं ने किया सम्मान:
इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने फूलों का हार पहनाकर उनका स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम में एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, बीओडी सदस्य राम गोपाल शर्मा, जल शक्ति विभाग के चीफ इंजीनियर दीपक गर्ग, अधिशाषी अभियंता बस अड्डा प्राधिकरण कमल शर्मा, कांग्रेस नेता जसवंत ढढवाल, केसर कटोच, एसडीएम संजीव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।