NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रोहतांग में सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग, 13 हजार फीट की ऊंचाई पर सभा और प्रदर्शन

मनाली/02/10/2025

sonam wangchuk

गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर रोहतांग दर्रे पर एक आक्रोश सभा आयोजित की गई। यह सभा समुद्र तल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर हुई। आयोजन 'सेव लाहौल-स्पीति सोसाइटी' ने किया था। सभा में “सोनम वांगचुक रिहा करो” के नारे गूंजे।

सभा में कवि अजेय, शिक्षाविद् सुनीता कटोच, पूर्व जिला परिषद सदस्य निर्मला, पूर्व प्रधान अमरचंद और पूर्व प्रधान सिस्सू जगदीश कटोच सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। लगभग 40 सदस्यों ने मिलकर वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।

स्वतंत्रता और लोकतंत्र के खिलाफ हिरासत

सेव लाहौल-स्पीति संस्था के अध्यक्ष भूपेंद्र राणा ने कहा कि वांगचुक को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र और लद्दाख प्रशासन से उनकी तुरंत रिहाई की मांग की, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण के अपने प्रयास जारी रख सकें।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी जताया समर्थन

बंगाल से रोहतांग पहुंचे पर्यटकों ने वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई और सरकार से उनकी रिहाई की मांग की। कोकसर पंचायत प्रधान सचिन मिरुपा, प्रेम कटोच, अजेय, निर्मला, जगदीश कटोच और पूर्व टीएससी सदस्य मोहनलाल ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से वांगचुक लद्दाख में जलवायु सुरक्षा, छठे शेड्यूल की मांग और शिक्षा सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

यह सभा न केवल वांगचुक के समर्थन में थी, बल्कि लोकतंत्र, स्वतंत्रता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूत करने वाली साबित हुई।

Scroll to Top