हिमाचल HRTC में पुराने कार्ड खत्म, नई हिम बस प्लस स्कीम में किराए पर छूट और कैशबैक
शिमला/03/10/2025
हिमाचल सरकार ने HRTC बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव किया है। लंबे समय से चल रहे पुराने सम्मान कार्ड, स्मार्ट कार्ड और ग्रीन कार्ड अब खत्म किए जा रहे हैं। इनकी जगह अब हिम बस प्लस कार्ड जारी किया जाएगा। इस नई स्कीम के तहत यात्रियों को बसों में सफर के दौरान किराए में आकर्षक छूट और कैशबैक का लाभ मिलेगा, जिससे आम लोगों के लिए यात्रा और अधिक किफायती हो जाएगी। यह खासकर नियमित यात्रियों के लिए राहत की खबर है।
HRTC की बसों में सफर करने वालों को प्रदेश और बाहरी राज्यों में यात्रा करने पर किराए में छूट दी जाएगी। हिम बस प्लस के तहत 60 साल से कम उम्र के यात्रियों को 5% छूट दी जाएगी, जबकि सीनियर सिटीजन को किराए में 15% छूट मिलेगी। यह कार्ड एक साल के लिए जारी होगा और इसके लिए यात्रियों को केवल 365 रुपए खर्च करने होंगे। इस स्कीम में यात्रियों को किलोमीटर पर कोई सीमा नहीं होगी। बस जहां तक जाएगी, छूट वहां तक लागू होगी।
सिर्फ किराए में छूट ही नहीं, बल्कि हिम बस प्लस कार्ड पर कैशबैक की सुविधा भी मिलेगी। महीने में 1000–1500 रुपए की यात्रा पर 100 रुपए, 1501–2000 रुपए की यात्रा पर 200 रुपए, 2001–3000 रुपए की यात्रा पर 300 रुपए, 3001–4000 रुपए की यात्रा पर 400 रुपए, 4001–5000 रुपए की यात्रा पर 750 रुपए, 5001–7500 रुपए की यात्रा पर 1000 रुपए, 7501–10,000 रुपए की यात्रा पर 1500 रुपए और 10,000 रुपए से अधिक यात्रा करने पर 2000 रुपए कैशबैक मिलेगा।
यात्रियों के लिए यह खुशखबरी है कि हिम बस प्लस स्कीम में वोल्वो बसों में भी छूट और कैशबैक का लाभ मिलेगा। लंबी दूरी की यात्रा अब और सुविधाजनक होगी। HRTC के पास कुल 3184 बसें हैं, जिनमें ऑर्डिनरी, डीलक्स, एसी, वोल्वो, JNNURM मिनी और इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।
पहले हिमाचल में HRTC बसों में सफर करने वालों को सम्मान कार्ड, स्मार्ट कार्ड और ग्रीन कार्ड के जरिए छूट मिलती थी। सम्मान कार्ड केवल 60+ उम्र के सीनियर सिटीजन के लिए था, जिसमें किराए में 30% छूट मिलती थी। स्मार्ट कार्ड पर 10% छूट थी और ग्रीन कार्ड में 50 किलोमीटर तक यात्रा करने पर 25% छूट मिलती थी। हिम बस प्लस शुरू होने के बाद ये तीनों कार्ड समाप्त कर दिए जाएंगे।
छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल में HRTC की बसें गांव, शहर और कस्बों को जोड़ने का काम करती हैं। हर महीने लगभग 1.50 करोड़ यात्री HRTC की बसों में सफर करते हैं। मानसून सीजन के बाद जैसे ही सड़कें खुल रही हैं, बसों की सेवाएं फिर से शुरू हो रही हैं और आने वाले दिनों में HRTC की आय में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
निपुण जिंदल, प्रबंध निदेशक HRTC:
"HRTC की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब हिम बस प्लस कार्ड की सुविधा दी जाएगी, जिसमें किराए में छूट और कैशबैक दोनों का लाभ मिलेगा। यह स्कीम यात्रियों की जेब और सफर दोनों के लिए राहत साबित होगी।"