NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

UP-बिहार से दिल्ली-NCR तक भारी बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की आंधी का अलर्ट

नई दिल्ली/03/10/2025

barish

भारत मौसम विभाग (IMD) ने अक्टूबर के पहले हफ्ते में देशभर के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्व, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पश्चिम भारत में 8 अक्टूबर तक मौसम के बिगड़े तेवर देखने को मिल सकते हैं। छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में 4 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है, जिसमें 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की आशंका है। पश्चिम बंगाल में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 5 से 7 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान बिजली चमकने और बादल गरजने की चेतावनी भी है। 5 और 6 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और पंजाब में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में 6 अक्टूबर को बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 3 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

दक्षिण भारत के लिए भी IMD ने चेतावनी जारी की है। 2 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 5 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। 3 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, निचले इलाकों में सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Scroll to Top