NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बिहार महिला रोजगार योजना: 25 लाख महिलाओं के खाते में आज 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे नीतीश कुमार

पटना/03/10/2025

patna

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार 3 अक्टूबर को महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खाते में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे। इस योजना के तहत कुल 2500 करोड़ रुपये का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह साढ़े 10 बजे पटना के अणे मार्ग स्थित संकल्प में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी उपस्थित रहेंगे।

यह दूसरा चरण है जब नीतीश सरकार ने इस योजना के तहत राशि सीधे महिलाओं के खातों में भेजी है। इससे पहले 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 75 लाख महिलाओं के खातों में कुल 7500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। योजना आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई है।

महिला रोजगार योजना से जुड़ने के लिए लाभार्थियों का जीविका समूह का सदस्य होना अनिवार्य है। इसी कारण बड़ी संख्या में महिलाएं अब जीविका दीदी योजना से भी जुड़ रही हैं। शहरों में 10 लाख नए आवेदन अलग से दर्ज किए गए हैं।

सरकार के अनुसार, योजना का रजिस्ट्रेशन अभी भी जारी है और लाभार्थियों को राशि चरणवार ट्रांसफर की जाएगी। अक्टूबर में 3 अक्टूबर के बाद 6 और 17 अक्टूबर को भी 10-10 हजार रुपये भेजे जाने का कार्यक्रम तय है। यह योजना ग्रामीण और शहरी महिलाओं दोनों के लिए आर्थिक सहारा साबित हो रही है।

Scroll to Top