NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पाकिस्तानी क्रिकेटर सना मीर का विवादित बयान, ‘आजाद कश्मीर’ का जिक्र कर मचा बवाल

हैदराबाद/03/10/2025

kashmir

हैदराबाद: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और मौजूदा कमेंटेटर सना मीर एक विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। उन्होंने महिला वनडे विश्व कप में कश्मीर का जिक्र करते हुए ‘आजाद कश्मीर’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है।

बयान पर बवाल:


गुरुवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच में नतालिया परवेज बल्लेबाजी करने आईं। इस दौरान सना मीर ने कहा कि नतालिया "आजाद कश्मीर" से आती हैं और लाहौर में क्रिकेट में उत्कृष्टता हासिल कर रही हैं। उनका यह बयान तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भारतीय फैंस का विरोध:

नतालिया परवेज पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के भीमबेर जिले की रहने वाली हैं। सना मीर द्वारा पीओके को ‘आजाद कश्मीर’ कहने पर भारतीय नेटिज़न्स ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी खेल में राजनीति घुसेड़ रहे हैं, जबकि वे खुद दूसरों को खेल से राजनीति दूर रखने की सलाह देते हैं।

सना मीर का बचाव:


आलोचना के बाद सना मीर ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियां राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं थीं, बल्कि नतालिया परवेज के संघर्ष और पृष्ठभूमि को उजागर करने के लिए यह शब्द प्रयोग किया गया था। हालांकि, उन्होंने अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगी।

मैच का हाल:

इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.3 ओवर में 129 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 131 रनों का लक्ष्य 31.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

Scroll to Top