NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

जनता की जेब पर वार, दोस्तों को उपहार: बिक्रम ठाकुर ने साधा सुक्खू सरकार पर निशाना

धर्मशाला/03/10/2025

vikarmn

पूर्व उद्योग मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिली राहत के बावजूद प्रदेश की जनता महंगाई और कुशासन की मार झेल रही है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवरात्रि के अवसर पर सीमेंट पर GST घटाकर 28% से 18% किया गया, जिससे हर बैग करीब ₹40 सस्ता होना था, लेकिन सुक्खू सरकार ने यह राहत जनता तक नहीं पहुँचने दी।

ठाकुर ने कहा कि केंद्र से राहत मिलने के तुरंत बाद प्रदेश सरकार ने एडिशनल गुड्स टैक्स (AGT) बढ़ाकर ₹16 प्रति बैग कर दिया, जबकि भाजपा सरकार के समय यह केवल ₹7.50 था। उन्होंने कहा कि यह कदम सीधे जनता की जेब पर डाका डालने जैसा है।

फिजूलखर्ची और मित्रों को उपहार

पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार की फिजूलखर्ची भी किसी से छिपी नहीं है। विधायक मित्रों को खुश करने के लिए उन्हें विदेश दौरों पर भेजा जा रहा है, चेयरमैन पदों की बरसात की जा रही है और सत्ता के करीबियों को हर तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं। ठाकुर ने कहा, "जनता कर चुकाए और मुख्यमंत्री अपने मित्रों को विदेश भ्रमण पर भेजे, यह अन्याय नहीं तो क्या है?"

कर्मचारियों और HRTC रूट की समस्या

ठाकुर ने HRTC पेंशनभोगियों की समस्या भी उठाई और कहा कि उन्हें महीनों तक पेंशन नहीं मिली। वहीं, HPTDC कर्मचारियों को वेतन हाल ही में मिला, लेकिन अगला वेतन कब मिलेगा इसका भरोसा नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जसवां-परागपुर में HRTC रूट बहाली न होने पर 7 दिन बाद RM कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

जनता-विरोधी नीतियों पर हमला

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का हर कदम जनता-विरोधी और भेदभावपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस लूट और अन्याय को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और लगातार जनता की आवाज़ बुलंद करती रहेगी।

Scroll to Top