NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शहीद की बहन की शादी में पहुंचे जवानः भाई का फर्ज निभाया, दिया 3 लाख का शगुन

नाहन/04/10/2025

shasdi

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले का आंज-भोज गांव उस समय भावुक हो उठा, जब शहीद आशीष कुमार की बहन आराधना की शादी में सेना के जवान अरुणाचल प्रदेश से पहुंचकर भाई का फर्ज निभाने आए। शहीद आशीष 19 ग्रेनेडियर बटालियन में तैनात थे और बीते साल 27 अगस्त 2024 को ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे।

शादी में निभाया भाई का फर्ज

शादी में आशीष की रेजिमेंट के जवानों ने सभी पारंपरिक रस्में पूरी कीं और दुल्हन को भाई की कमी महसूस नहीं होने दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि वर्दी में सजे जवान चुनरी के नीचे आराधना को वरमाला के लिए स्टेज तक लेकर आए। इस भावुक पल को देखकर दुल्हन समेत परिवार और शादी में पहुंचे मेहमानों की आंखें नम हो गईं।

3 लाख रुपए की एफडी दी शगुन में

समारोह में पहुंचे जवानों और भूतपूर्व सैनिकों ने मिलकर दुल्हन आराधना को शगुन के रूप में 3 लाख रुपए की बैंक एफडी भेंट की। इसके अलावा उन्होंने शादी का खास तोहफा भी दिया। जवानों ने कहा कि शहीद के परिवार की हर खुशी और दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।

भावुक हुई दुल्हन और रिश्तेदार

आराधना की शादी बीते गुरुवार को संपन्न हुई। शादी में जब सेना के जवान पारंपरिक भाई का फर्ज निभाते हुए उसे स्टेज तक लाए, तो माहौल गमगीन और गर्व से भरा हो गया। रिश्तेदार और गांववासी इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।

पूर्व सैनिक भी रहे मौजूद


इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर करनैल सिंह, उपाध्यक्ष हरिंदर सिंह, सचिव ओमप्रकाश चौहान, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, सलाहकार हाकम सिंह, सुरेश कुमार देवा, नेत्र सिंह, मामराज सिंह, पृथ्वी सिंह, दिनेश कुमार, नरेंद्र कुंडू, देवेंद्र नेगी और सोहन सिंह सहित कई पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे। उन्होंने भी शहीद के परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी हर जिम्मेदारी में वे सहयोग करेंगे।

शहीद की शहादत का सम्मान

शादी में शामिल सभी लोगों ने शहीद आशीष को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। गांववालों ने भी सेना के जवानों का आभार जताया, जिन्होंने लंबा सफर तय कर शादी में पहुंचकर भाई की भूमिका निभाई।

Scroll to Top