NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में पेंशनरों का अल्टीमेटम: 14 अक्टूबर को बड़ा आंदोलन, सरकार पर एरियर और DA रोकने का आरोप

शिमला/04/10/2025

penshainset

हिमाचल प्रदेश की आर्थिक तंगी से जूझ रही सरकार के खिलाफ अब पेंशनरों ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया है। समय पर पेंशन न मिलना, 2016 से एरियर का भुगतान न होना, मेडिकल बिलों की अदायगी अटकना और महंगाई भत्ते (DA) को लेकर सरकार की अनदेखी ने पेंशनरों को सड़कों पर उतरने को मजबूर कर दिया है। ज्वाइंट पेंशन फ्रंट ने 14 अक्टूबर को राज्यभर में आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

शिमला में हुई बैठक के बाद ज्वाइंट पेंशनर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने कहा कि पेंशनरों का सब्र अब टूट चुका है। उन्होंने बताया कि नए वेतनमान का एरियर 2016 से लंबित है, लेकिन सरकार इसे जारी करने में टालमटोल कर रही है। वहीं, करोड़ों रुपये के मेडिकल बिलों का भुगतान भी अटका हुआ है। इतना ही नहीं, मई 2025 में घोषित 3% DA आज तक लागू नहीं हुआ है, जबकि कुल 16% महंगाई भत्ता देय है।

आत्मा राम शर्मा ने स्पष्ट कहा कि अगर सरकार ने अब भी मांगों को पूरा नहीं किया तो 14 अक्टूबर को पेंशनर सड़क पर उतरकर बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार को बार-बार मांगपत्र दिए गए, लेकिन हर बार उन्हें अनसुना किया गया।

उधर, ज्वाइंट एक्शन कमेटी हिमाचल प्रदेश नाम का दूसरा गुट भी इन्हीं मुद्दों को लेकर 17 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। ऐसे में सरकार को पेंशनरों के दोनों गुटों के दबाव का सामना करना पड़ सकता है।

पेंशनरों का कहना है कि अब यह सिर्फ आंदोलन नहीं बल्कि “अधिकार की लड़ाई” है और इस बार पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।

Scroll to Top