लिंबडा गाँव में दलित बच्चे के साथ जातिगत छुआछूत, 12 वर्षीय मासूम की मौत पर पार्टी ने जताया शोक
शिमला/04/10/2025
शिमला जिले के रोहड़ू के चिड़गाव तहसील के लिंबडा गाँव में एक 12 वर्षीय दलित बच्चे के साथ जातिगत छुआछूत और प्रताड़ना की घटना सामने आई। इस घटना ने पूरे इलाके में गहरा सदमा पहुँचाया है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की राज्य कमेटी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और मृतक बच्चे के परिवार के प्रति शोक व्यक्त किया है।
पार्टी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पढ़े-लिखे राज्य में इस प्रकार की जातिगत छुआछूत किसी भी रूप में जायज़ नहीं ठहराई जा सकती। पार्टी ने सरकार से आग्रह किया है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही परिवार से मिलकर घटना की जांच करेगा। यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर तुरन्त कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी 6 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में दलित उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
राज्य सचिव संजय चौहान ने कहा कि मृतक बच्चा एक गरीब दलित परिवार से संबंधित था और उसे न्याय से वंचित करना हमारे संविधान की सामाजिक न्याय की मूल धारणा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न पर रोक लगाना और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही, इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने और समाज को संवेदनशील बनाने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।