NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दार्जिलिंग में भूस्खलन और भारी बारिश का कहर: ममता बनर्जी करेंगी प्रभावित इलाकों का दौरा

पीएम मोदी ने दी हर संभव मदद की गारंटी

कोलकाता/05/10/2025

flood

कोलकाता: उत्तर बंगाल में लगातार हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जहां पहाड़ी नदियों के उफान में कई गांव बह गए हैं और दुदिया व बिजनबाड़ी पुल पूरी तरह टूट गए हैं। इससे कई इलाके पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गए हैं। प्रशासन ने फंसे पर्यटकों को होटलों में बने रहने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रभावित इलाकों का व्यक्तिगत निरीक्षण करने के लिए सोमवार को उत्तर बंगाल का दौरा करेंगी। वह सीधे उत्तरकन्या प्रशासनिक भवन पहुंचकर आपात बैठक करेंगी। इसके अलावा, उन्होंने मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग और सिंचाई विभाग के साथ कई बैठकें की हैं। नबान्न में एक विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है जो उत्तर बंगाल के हर जिले में हर घंटे हालात पर नजर रख रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग में आई आपदा से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि पुल दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से उन्हें गहरा दुख है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

रेल सेवाओं पर भी आपदा का असर पड़ा है। सुरक्षा कारणों से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं। सिलीगुड़ी-धुबरी डेमू, एनजेपी-अलीपुरद्वार टूरिस्ट स्पेशल और सिलीगुड़ी-बामनहाट एक्सप्रेस को रोक दिया गया है। वहीं सियालदह-अलीपुरद्वार एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस को न्यू कूचबिहार होकर चलाया जा रहा है।

मौसम विभाग (IMD) ने उत्तरी दिनाजपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में और भारी बारिश की संभावना है। प्रशासन ने आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

Scroll to Top