दिल्ली में कांग्रेस का वोट चोरी के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू
देवेंद्र यादव बोले – “जनता को सच्चाई बताएंगे, हर जिले में चलेगा सिग्नेचर कैंपेन”
नई दिल्ली/05/10/2025
दिल्ली कांग्रेस ने राजधानी में वोट चोरी के खिलाफ सिग्नेचर अभियान की शुरुआत करते हुए आम जनता को जागरूक करने का बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बाबरपुर जिले में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार पर चुनावों में धांधली और वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर इलाके के लोगों से हस्ताक्षर कर समर्थन जुटाया। “वोट चोरी बंद करो” और “लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। रैली के दौरान देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस अब इस मुद्दे को हर दिल्लीवाले तक पहुंचाएगी ताकि लोग जान सकें कि कैसे लोकतंत्र के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
देवेंद्र यादव ने कहा
"आज हम बाबरपुर में सिग्नेचर अभियान चला रहे हैं। हमारा उद्देश्य लोगों को बताना है कि वोट चोरी लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध है। राहुल गांधी जी ने इस साजिश की सच्चाई देश के सामने रख दी है, अब हमारा दायित्व है कि इस संदेश को जनता तक पहुंचाएं।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह आंदोलन केवल बाबरपुर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि आने वाले दिनों में दिल्ली के सभी जिलों में इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस ने इसे “लोकतंत्र बचाओ आंदोलन” का नाम दिया है।
रैली के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी कांग्रेस के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हस्ताक्षर कर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। उनका कहना था कि यदि वोट चोरी जैसी घटनाएं होती रहीं, तो जनता का विश्वास लोकतांत्रिक प्रणाली से उठ जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरी रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर चुप्पी नहीं तोड़ी तो पार्टी आने वाले दिनों में राजधानी स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए कहा था कि कर्नाटक की बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट पर “फर्जी वोटर्स” और “डुप्लीकेट वोटिंग” के कई उदाहरण सामने आए हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस को कर्नाटक में 28 में से 16 सीटें जीतनी चाहिए थीं, लेकिन वोट चोरी के कारण पार्टी को केवल 9 सीटों पर ही जीत मिली।
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस इस सच्चाई को दिल्ली के हर कोने तक लेकर जाएगी और जनता के वोट की ताकत की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी।