भारत का चौथा सुपर संडे – विमेंस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान 88 रन से ध्वस्त, क्रांति और दीप्ति की गेंदबाजी ने मचाई तबाही
स्पोर्ट्स डेस्क/06/10/2025
भारत ने विमेंस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को पाकिस्तान को 88 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। यह जीत न सिर्फ टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत थी, बल्कि यह पाकिस्तान पर लगातार चौथे रविवार मिली जीत भी रही।
भारतीय टीम अब दो मैचों में चार अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 247 रन बनाए और ऑलआउट हो गया।
टीम के लिए हरलीन देओल ने सबसे ज्यादा 46 रन की अहम पारी खेली।
इसके अलावा स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्ज और ऋचा घोष ने भी योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में जबरदस्त वापसी की।
सिद्रा अमीन ने पाकिस्तान की ओर से 81 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही पाकिस्तान की पूरी पारी बिखर गई।
पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके।
क्रांति ने अपनी तेज़ रफ्तार गेंदों से पाक बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
उन्होंने सदफ शमास (6 रन), आलिया रियाज (2 रन) और नतालिया परवेज (33 रन) को पवेलियन भेजा।
दीप्ति शर्मा ने भी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए।
स्नेह राणा को 2 विकेट मिले।
मैच के अंत में क्रांति गौड़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
उन्होंने 20 रन देकर तीन अहम विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को तहस-नहस कर दिया।
भारत ने क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चौथे रविवार जीत दर्ज की है।
इससे पहले 14, 21 और 28 सितंबर को मेंस एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को लगातार तीन बार हराया था।
अब विमेंस वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने भी यह परंपरा कायम रखी।
विमेंस वनडे क्रिकेट में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा जारी है।
यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट में 12वां वनडे था — और सभी 12 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है।
विमेंस वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमों के बीच यह 5वां मैच था — और हर बार भारत ही विजेता रहा।
मैच के दौरान टॉस के समय एक अजीब स्थिति देखने को मिली।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला, जबकि पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने ‘टेल्स’ कहा।
सिक्का “हेड्स” पर गिरा, लेकिन साउथ अफ्रीका की मैच रेफरी शांद्रे फ्रिट्ज ने गलती से सना की कॉल “हेड्स” सुन ली और पाकिस्तान को टॉस की विजेता घोषित कर दिया।
इस विवाद के बाद हरमनप्रीत कौर ने पाक कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया।
यह दृश्य सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया।
इससे पहले भी मेंस एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल देखा गया था।
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाक कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था और भारतीय टीम ने PCB चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
अब वही सीन विमेंस वर्ल्ड कप में भी देखने को मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी।
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली, सिद्रा अमीन, आलिया रियाज, सिद्रा नवाज (विकेटकीपर), नतालिया परवेज, रमीन शमीम, नाशरा संधू, डायना बेग, सादिया इकबाल, सदफ शमास
भारत की महिला टीम ने इस मुकाबले में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया।क्रांति और दीप्ति की गेंदबाजी ने पाकिस्तान को झकझोर दिया।
हरलीन देओल की जिम्मेदार पारी ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
विमेंस वर्ल्ड कप में इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ पाकिस्तान पर अपना वर्चस्व कायम रखा, बल्कि विश्व क्रिकेट में अपना परचम भी लहराया।