मुख्य सचिव ने शीतकालीन तैयारियों और सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा की
हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आज यहां शीतकालीन मौसम की तैयारियों के मद्देनज़र एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के सभी हिस्सों में कम से कम दो लेन लगातार खुली रहें, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। एनएचएआई अधिकारियों ने जानकारी दी कि हाल की बरसात से क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों में भी दो लेन का संचालन सुचारू रूप से जारी है।
संजय गुप्ता ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि बर्फबारी और ठंड के दौरान संपर्क सुविधा बनाए रखने के लिए बर्फ हटाने और अन्य आवश्यक उपायों की अग्रिम योजना बनाई जाए। मुख्य सचिव ने मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने को कहा ताकि 120 प्रभावित सड़कों में से अधिकतर इस महीने के अंत तक बहाल की जा सकें।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि विभाग मलबा प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर रहा है और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नई सड़कों के निर्माण की बजाय मौजूदा सड़कों को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने तकनीकी सहायता के लिए आईआईटी रोपड़ से साझेदारी की है, जिससे कार्यक्षमता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी।
डॉ. जैन ने बताया कि विभाग जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के मद्देनज़र क्लाइमेट-रेजिलिएंट (जलवायु-प्रतिरोधी) बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की सड़क परियोजनाओं में ऐसे उपाय अपनाए जा रहे हैं, जो कठिन मौसम स्थितियों में भी सड़कों को सुरक्षित और टिकाऊ बनाएंगे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि सर्दियों के महीनों में जनसुविधाओं में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने और पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।