दाड़लाघाट में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नारेबाजी करने वाली छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज
सोलन/07/10/2025
दाड़लाघाट में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान खाने को लेकर नारेबाजी करने वाली छात्राओं के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री एक निजी दूध समिति ‘कामधेनु’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम पूरी तरह से लाभार्थियों के लिए आयोजित किया गया था, लेकिन जिन छात्राओं ने नारेबाजी की, वे लाभार्थी नहीं थीं।
घटना के बाद जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि छात्राओं ने बिना आमंत्रण के कार्यक्रम में पहुंचकर नारेबाजी की और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रहीं छात्राएं कार्यक्रम की लाभार्थी सूची में शामिल नहीं थीं, जिसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच के बाद छात्राओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह नारेबाजी की गई थी। यह कार्यक्रम केवल लाभार्थियों के लिए था, लेकिन कुछ छात्राएं जानबूझकर वहां पहुंचीं और विरोध के नारे लगाए।
एसपी गौरव सिंह ने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच में छात्राओं का संबंध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से पाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नारेबाजी के पीछे किसी संगठन या व्यक्ति का उकसावा था या नहीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं न केवल कार्यक्रम की शांति भंग करती हैं, बल्कि सरकार और प्रशासन की छवि को भी प्रभावित करती हैं। इसलिए इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।