हिमाचल में शुरू हुई जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री सुविधा, इंतकाल जल्द ऑनलाइन होंगे: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी
शिमला/07/10/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर दी है। अब लोग घर बैठे ही जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल करवा सकेंगे और इसके लिए पटवारियों या राजस्व कार्यालयों में भटकने की जरूरत नहीं होगी। प्रदेश सरकार ने इस सुविधा को लागू कर माई डीड पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और पेपरलेस रजिस्ट्रीकरण सुनिश्चित किया है।
इस नई व्यवस्था में डिजिटल हस्ताक्षर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का भी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी। राजस्व अधिकारियों को इस प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया गया है। हिमाचल में अब तक 500 से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं।
जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री और इंतकाल से लोगों को सालाना औसत और जमाबंदी के लिए पटवार सर्किल तक जाने की जरूरत नहीं होगी। लोग अब संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। सरकार ने बताया कि कभी-कभी इंटरनेट सिग्नल की समस्या के कारण ऑनलाइन रजिस्ट्री में कठिनाई आती है, लेकिन जिलों में सिस्टम को दुरुस्त कर दिया गया है।
इस पहल से पटवारी और कानूनगो का काम भी सरल हो गया है और उन पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। अगर इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी, तो सरकार सेटेलाइट तकनीक की मदद से सेवा सुनिश्चित करेगी।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इंतकाल की ऑनलाइन सुविधा के लिए नियम तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही इंतकाल की प्रक्रिया भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम से हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए जमीन संबंधी कामकाज अब सरल, तेज और पारदर्शी बन जाएगा।