NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में CBI अफसर पर गवाह को धमकाने का आरोप,पुलिस जांच में जुटी

शिमला/07/10/2025

cbi

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें CBI के एक इंस्पेक्टर पर गवाह को धमकाने और बयान बदलवाने का आरोप लगा है। मंडी जिले के हवाणु गांव निवासी गिरधारी लाल ने शिमला पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 सितंबर को सीबीआई इंस्पेक्टर ने उन्हें शिमला स्थित दफ्तर में बुलाया और पुराने चिट्टा तस्करी के मामले में गवाह बनने के लिए दबाव बनाया।

गिरधारी लाल ने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों देखी घटना जस की तस बताई, लेकिन इंस्पेक्टर ने उनसे झूठा बयान देने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अफसर ने कहा कि पुलिस नशे में थी, उसने शराब पी रखी थी और उन्हें घर से जबरदस्ती उठाया गया था। जब उन्होंने झूठी गवाही देने से इनकार किया, तो इंस्पेक्टर ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौच, गला पकड़ने और कपड़े फाड़ने की कोशिश की।

गिरधारी लाल ने बताया कि वे समाज में सम्मानित व्यक्ति हैं, 2001 से 2015 तक पंचायत प्रधान रह चुके हैं और सिध्याणी स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के तौर पर 20 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के साथ ऐसा व्यवहार निंदनीय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और प्रारंभिक जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top