संत प्रेमानंद की तबीयत खराब, पदयात्रा स्थगित लेकिन भक्तों को सत्संग जारी
वृंदावन/07/10/2025
वृंदावन: प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है। उनकी सूजी आंखें और लाल चेहरा देखकर भक्त चिंतित हैं। इस कारण उनकी नियमित पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है, लेकिन इसके बावजूद महाराज अपने भक्तों को सत्संग और प्रवचन देना जारी रखे हुए हैं। उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट bhajanmarg_official पर वायरल हुए वीडियो में संत भक्तों को ज्ञान देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में देखा गया कि संत की आंखें पूरी तरह खुल नहीं रही हैं और उनकी आवाज भी कंपकंपा रही है, लेकिन उन्होंने अपने भक्तों को समझाया कि कष्ट में भी सेवा और अभ्यास नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक वे अपने आराध्य को याद नहीं करते, उन्हें चैन नहीं मिलता। संत का मानना है कि ईश्वर आपकी मेहनत देखकर खुश होते हैं, कामचोरी से नहीं।
भक्तों ने सोशल मीडिया पर संत की तबीयत को लेकर प्रतिक्रिया दी। कुछ ने उन्हें आराम करने की सलाह दी, तो कुछ भावुक होकर उनके स्वास्थ्य की चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा कि संत का चेहरा देखकर पीड़ा हुई, जबकि पहले उनके चेहरे को देखकर खुशी मिलती थी।
संत प्रेमानंद को साल 2006 में पेट में दर्द के बाद किडनी की समस्या हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनकी दोनों किडनियां खराब हैं और जीवन सीमित है। इसके बाद उन्होंने वृंदावन में स्थायी रूप से निवास किया और राधा नाम का जप शुरू किया। अपनी किडनी को संत ने कृष्णा और राधा का नाम दिया है।
फिलहाल, संत प्रेमानंद भक्तों को मार्गदर्शन और आध्यात्मिक ज्ञान देते हुए अपनी कड़ी मेहनत और सेवा का अभ्यास जारी रखे हुए हैं, जबकि उनकी पदयात्रा स्वास्थ्य कारणों से रुकी हुई है।