हिमाचल बिलासपुर हादसा: एक परिवार की 4 अर्थियां एकसाथ उठेंगी, 2 भाई और देवरानी-जेठानी की मौत
बिलासपुर/08/10/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडुता क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक बस हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य अपनी जान गंवा बैठे। मृतकों में दो सगे भाई और देवरानी-जेठानी शामिल हैं, जबकि परिवार के दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को बरठी अस्पताल से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, झंडुता विधानसभा के फगोग गांव की अंजना देवी (29) अपने मायके गंगलोह गांव के एक फंक्शन में शामिल होने गई थीं। उनके साथ उनके बेटे नक्ष (7) और आरव (4), जेठानी कमलेश (26) और उसकी बेटी आरुषि और बेटा शौर्य भी थे। फंक्शन से लौटते समय यह समूह बस हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में नक्ष, आरव, अंजना और कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पूरे झंडुता क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों में नक्ष और आरव के पिता फौजी विपिन कुमार हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही वह आज फगोग गांव पहुंचेंगे। वहीं, मृतक जेठानी कमलेश के पति राजकुमार प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। इस हादसे से परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं।
स्कूल प्रिंसिपल ठाकुर दास शर्मा ने बताया कि नक्ष अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरठी में थर्ड क्लास में पढ़ता था और पढ़ाई में तेज था। वह हर एक्टिविटी में सक्रिय रहता था। उनका छोटा भाई आरव यूकेजी में पढ़ता था। प्रिंसिपल ने यह भी बताया कि हादसे के समय यदि अंजना गाड़ी में बैठती, तो यह दुर्घटना टल सकती थी, लेकिन उन्होंने बस में जाने की जिद की, जिससे यह दुखद घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, आज दोनों भाई और देवरानी-जेठानी के शवों का बरठी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और इसके बाद शव परिजनों को सौंप कर फगोग गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।