इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025: पीएम मोदी ने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों को बताया गौरवपूर्ण
नई दिल्ली/08/10/2025
नई दिल्ली: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का 9वां सत्र आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ। इस अवसर पर पीएम मोदी ने मेड इन इंडिया 4G स्टैक लॉन्च करने की घोषणा की, जो भारत को दुनिया के उन पांच देशों में शामिल करता है, जिनके पास यह तकनीकी क्षमता है। उन्होंने कहा कि अब भारत में 1GB वायरलेस डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम है, जिससे डिजिटल कनेक्टिविटी भारतीय जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत की डिजिटल सफलता, निवेश के अनुकूल नीतियों और व्यापार में आसानी की वजह से देश को वैश्विक निवेशक केंद्र बनाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि भारत ने कभी 2G तकनीक से संघर्ष किया, लेकिन आज लगभग हर जिले में 5G कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने आईएमसी को एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम बताया और इसकी सफलता में युवाओं, इनोवेटर्स और स्टार्टअप्स के योगदान को सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस साल भारत में स्टार्टअप विश्व कप 2025 आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 550 कंपनियां वित्त पोषण के लिए 300 उद्यम पूंजीपतियों और निजी इक्विटी के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी। इनमें से 15 कंपनियों को सैन फ्रांसिस्को में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा।
आईएमसी 2025 की थीम इस बार "Innovate to Transform" रखी गई है। यह आयोजन 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें दुनियाभर की करीब 80 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। पीएम मोदी ने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों और भारत की वैश्विक तकनीकी क्षमताओं को प्रस्तुत करते हुए इसे देश की प्रगति का प्रतीक बताया।