कर्नाटक: तुमकुरु डैम हादसा – परिवार के 6 लोग बह गए, 2 मृतक बरामद, 4 की तलाश जारी
कर्नाटक/08/10/2025
कर्नाटक के तुमकुरु जिले में मरकोनाहल्ली जलाशय में मंगलवार को एक ही परिवार के छह लोग तेज बहाव में बह गए। हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। मृतकों में अबिन और साजिया (32) शामिल हैं। लापता लोगों में तबस्सुम (45), शबाना (44), माहिम (1) और मिफ्रा (4) हैं।
घटना के समय नवाज नामक परिवार का एक सदस्य जलाशय के पास झाड़ी में फंसकर बच गया, उसे मामूली चोटें आईं और उसका इलाज कुनिगल तालुक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लगातार लापता लोगों की खोज में जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, ये सात लोग तुमकुरु शहर के बीजी पाल्या निवासी हैं। वे कुनिगल तालुका के मगदीपाल्या में अपने रिश्तेदारों के घर गए थे। खाना खाने के बाद सभी परिवार के लोग मरकोनाहल्ली डैम देखने गए थे। शुरुआती जांच में संदेह है कि डैम का साइफन सिस्टम अपने आप खुल जाने के कारण पानी का तेज बहाव बढ़ गया और लोग उसमें बह गए।
जिला पुलिस अधीक्षक के.वी. अशोक ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण किया। हादसे के संबंध में कुनिगल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।