दिल्ली को मिलेगी 1816 करोड़ की जल-सौगात, अमित शाह करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
नई दिल्ली/08/10/2025
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लाखों निवासियों को स्वच्छ जल आपूर्ति और आधुनिक सीवरेज नेटवर्क के रूप में ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड की 1816 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह कदम दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवासियों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इन परियोजनाओं में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवर लाइनों का निर्माण एवं उन्नयन शामिल है। विशेष रूप से, पश्चिमी दिल्ली के लगभग 25 लाख घरों के सीवेज शोधन के लिए नई लाइनों और संयंत्रों का निर्माण किया गया है। साथ ही, दूर-दराज के इलाकों तक स्वच्छ जल पहुँचाने के लिए बूस्टर पंपिंग स्टेशनों का निर्माण भी किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से 30 लाख से अधिक लोगों को चौबीसों घंटे (24x7) जल आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
वजीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र में जल आपूर्ति सुधार परियोजना को दोबारा शुरू किया गया है, जिससे बुराड़ी, पंजाबी बाग और पीतमपुरा जैसे क्षेत्रों में लगातार जल आपूर्ति संभव हो सकेगी। इसके साथ ही यह परियोजना यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के अभियान का भी हिस्सा है। गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए 22 नालों पर STP बनाए जाने की योजना है, जिससे नदी में प्रदूषकों की मात्रा में भारी कमी आएगी और यमुना का कायाकल्प संभव होगा।
दिल्ली जल बोर्ड ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल, सीवर और ड्रेनेज का 20 वर्षीय मास्टर प्लान तैयार करने की घोषणा की है, जो अगले दो दशकों में जल आपूर्ति और सीवरेज प्रणाली को स्थायी और कुशल बनाने में मदद करेगा।
पश्चिमी दिल्ली के केशोपुर में होने वाले इस कार्यक्रम के संबंध में जलमंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह परियोजनाएं आधुनिक और आत्मनिर्भर दिल्ली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने इसे राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला बताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली ‘स्वच्छ, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार’ राजधानी बन रही है।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम 30 सितंबर को होना था, लेकिन उस दिन प्रदेश बीजेपी के पहले अध्यक्ष वीके मल्होत्रा के निधन के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब गुरुवार अपराह्न 3 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्लीवासियों को स्वच्छ जल और बेहतर सीवरेज नेटवर्क के रूप में लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा मिलने की उम्मीद है, जो राजधानी को एक आधुनिक और आत्मनिर्भर शहर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।