NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बरठीं बल्लू बस हादसा: जयराम ठाकुर ने राहत कार्य का जायज़ा लिया,सड़क सुधार की दी चेतावनी

बिलासपुर/08/10/2025

JAY RAN JI

बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बरठीं बल्लू बस हादसा स्थल पहुंचे और राहत तथा बचाव कार्य का जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर राहत कर्मियों से स्थिति की जानकारी ली और बरठीं सिविल अस्पताल जाकर हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। इसके बाद वह अलग-अलग अंतिम संस्कारों में भी शामिल हुए।

जयराम ठाकुर ने मीडिया से कहा कि यह घटना दिल को दहलाने वाली है। हादसे में एक ही परिवार के चार-चार लोगों की मृत्यु हुई, जिससे पूरे परिवार और क्षेत्र में गहरा दुःख फैल गया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर नजर बनाए रखी। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को राहत और बचाव कार्य में हर संभव मदद प्रदान की। स्थानीय विधायक जीतराम कटवाल और बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जमवाल समेत अन्य भाजपा नेता भी तत्काल मौके पर पहुंचे। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एकदम भावुक करने वाला पल था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों ने पहले ही बताया था कि यह स्थान खतरनाक है। लोक निर्माण विभाग को स्थानीय लोगों द्वारा कई शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग खामोश क्यों रहा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होती, तो यह हादसा रोका जा सकता था। अभी भी आसपास कई खतरनाक स्थान हैं, जिनका दुरुस्तीकरण करना जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पूरे प्रकरण की जांच करवाई जाए कि शिकायत मिलने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केवल बरठीं ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां खतरनाक इलाके नजर आते हैं, वहां सरकार को बचाव के उपाय अवश्य करने चाहिए, जिससे जान-माल की हानि कम से कम हो। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि सभी प्रभावित परिवारों को अधिकतम और जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने ईश्वर से हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की भी प्रार्थना की।

Scroll to Top