कुल्लू दशहरा उत्सव-2025 का भव्य समापन: मुकेश अग्निहोत्री ने पेयजल और बाजा-बजंतरियों के मानदेय बढ़ाने की घोषणा की
कुल्लू/08/10/2025
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2025 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर दशहरा उत्सव में भाग लेने वाले बाजा-बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की। साथ ही यह भी घोषणा की कि कुल्लू जिले में पेयजल सुविधा को सुदृढ़ बनाने के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी की कोई कमी न हो।
समापन समारोह अटल सदन, कुल्लू में आयोजित हुआ। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा न्यूनीकरण कार्यों के लिए पहले ही 158 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि व्यास नदी के किनारे जहां-जहां फ्लड प्रोटेक्शन कार्य किए गए हैं, वहां आपदा के समय कम नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि रायसन में 873 लाख, मनाली व्यास नदी के राइट बैंक में 865 लाख, वृद्धा आश्रम के पास 834 लाख, कुल्लू राफ्टिंग सेंटर के पास 3 करोड़ और गौसदन के समीप 435 लाख रुपये के फ्लड प्रोटेक्शन कार्य हुए हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष 58 करोड़ रुपये भी कुल्लू जिले में ही व्यय किए जाएंगे।
देव संस्कृति और लोक आस्था का प्रतीक है कुल्लू दशहरा
उपमुख्यमंत्री ने उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, उपायुक्त कुल्लू और पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा प्रदेश की देव संस्कृति, आस्था, एकता और लोकसंस्कृति का जीवंत प्रतीक है। यह न केवल हिमाचल का सबसे बड़ा उत्सव है बल्कि प्रदेश की पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित करने वाला पर्व भी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देव संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन विकास के लिए वचनबद्ध है, ताकि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ा जा सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें।
आपदा प्रभावितों के लिए समर्पित रहा यह दशहरा
इस बार का दशहरा उत्सव आपदा प्रभावितों की सहायता के उद्देश्य से सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया।
विधायक और उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि उत्सव से प्राप्त आय आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए उपयोग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक देवी-देवताओं ने भाग लिया, जिससे आयोजन और भी धार्मिक एवं भव्य बना। साथ ही अगले वर्ष देवताओं के लिए केनोपी टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का वादा भी किया।
कुल्लू कार्निवाल बना आकर्षण का केंद्र
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
कार्निवाल में विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों, लोकगीतों और नाट्य-नृत्यों के माध्यम से हिमाचली लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
इसके बाद उन्होंने ढालपुर मैदान में आयोजित विभागीय प्रदर्शनियों का भी निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
भुट्टीको वीवर्स सोसाइटी ने दिया योगदान
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर भुट्टीको वीवर्स सोसाइटी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में तीन लाख रुपये का चेक उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेंट किया।
लोक कलाकारों का सम्मान
उपमुख्यमंत्री ने लोक नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
इसमें सूर्या सांस्कृतिक दल, बनोगी ने प्रथम स्थान, बाबा वीरनाथ युवक मंडल, गदेहड़ ने द्वितीय और शिवा युवक मंडल, सरली ने तृतीय स्थान हासिल किया।
शिक्षा विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला, जबकि भाषा एवं संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की झांकियों को भी पुरस्कृत किया गया।
उपस्थित रहे अनेक गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर स्टेट गेस्ट विदित कुमार चौधरी, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, मिल्कफेड अध्यक्ष शबुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष श्राम सिंह मियां, डिविजनल कमिश्नर मंडी डॉ. आर.के. परुथी, एस.पी. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, शेष राम आज़ाद सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, देव प्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।