NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ऊना में डेंगू पॉजिटिव युवती की चंडीगढ़ में मौत, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट

ऊना/08/10/2025

DENGUU

बीती 4 अक्तूबर को 24 वर्षीय युवती पूनम बुखार की शिकायत लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संतोषगढ़ पहुंची थी। यहां रैपिड डायग्नोज टेस्ट में उसे प्रारंभिक तौर पर डेंगू पॉजिटिव पाया गया। हालत बिगड़ने और प्लेटलेट्स की संख्या कम होने पर उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया।

क्षेत्रीय अस्पताल में प्लेटलेट चढ़ाने की सुविधा न होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा। वहां उपचार के दौरान सोमवार देर रात युवती की मौत हो गई। इस घटना ने जिला की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिले के लोग लंबे समय से क्षेत्रीय अस्पताल में प्लेटलेट मशीन और उपमंडल स्तर पर एलाइजा टेस्ट की सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन दशकों बीत जाने के बाद भी ये सुविधाएं शुरू नहीं हुई हैं। इससे यह सवाल उठता है कि ऊना जिला कब तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहेगा और लोगों को लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संतोषगढ़ क्षेत्र का दौरा किया और नगर परिषद को लगातार फॉगिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। हाल में ही संतोषगढ़ में रैपिड टेस्ट में 40 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए थे।

नगर परिषद में पिछले डेढ़ माह से फैल रहे डेंगू के चलते परिषद के वार्ड पांच में रहने वाली युवती की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद अलर्ट हो गया। दोनों संस्थाओं ने संयुक्त बैठक कर प्रभावित वार्डों में दो सप्ताह के लिए दो समय फॉगिंग करने और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश जारी किए।

नगर परिषद कार्यालय में नप ईओ हर्ष गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर, डॉ. पीएस राणा, बीएमओ डॉ. रामपाल शर्मा और संतोषगढ़ सीएचसी प्रभारी डॉ. रजत शर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित होकर डेंगू के मामलों की गंभीरता को लेकर चर्चा की। डॉ. विशाल ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से अब तक 54 डेंगू के मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और पानी जमा न होने देने की अपील की है। वहीं प्रशासन ने फॉगिंग अभियान, जागरूकता शिविर और आरोग्य चेकअप के माध्यम से डेंगू नियंत्रण के उपाय तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Scroll to Top