NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मंडी में नाबालिग बेटी गर्भवती, आहत सौतेले पिता ने की आत्महत्या; पॉक्सो एक्ट के तहत जांच शुरू

मंडी/09/10/2025

pregnant

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बेटी के गर्भवती होने के बाद उसके सौतेले पिता ने आहत होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सदमा फैल गया। पुलिस ने पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किशोरी को पेट में दर्द हुआ तो वह अस्पताल में जांच के लिए गई। वहां पता चला कि वह गर्भवती है। इसके बाद पुलिस ने 1 अक्टूबर को पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान बीते सोमवार को सौतेले पिता ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी।

सौतेले पिता ने एक नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा कि लोग उसकी बेटी के बारे में बातें कर रहे हैं और इससे वह दुखी है। उन्होंने यह भी लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा है और परिवार के सदस्यों को परेशान न किया जाए।

पुलिस अब डीएनए टेस्ट के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग लड़की के साथ किसने आपत्तिजनक संबंध बनाए। साथ ही सौतेले पिता के भी डीएनए सैंपल लिए गए हैं। पधर के डीएसपी देवराज ने बताया कि डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं और नियमों के अनुसार पूरी जांच की जा रही है।

Scroll to Top