NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

लाहौल-स्पीति में असामयिक बर्फबारी से सेब के पेड़ों को नुकसान, दारचा में 200 से अधिक वाहन फंसे

लाहौल-स्पीति/09/10/2025

lahul snow

लाहौल-स्पीति: मानसून के बाद लाहौल-स्पीति जिले में बारिश और असामयिक बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले दो-तीन दिनों से जारी इस भारी बर्फबारी ने स्थानीय लोगों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं। खासकर लाहौल घाटी में हुई बर्फबारी के कारण सेब के फल से लदे पेड़ टूट रहे हैं, जिससे बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। बर्फ हटाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन लगातार बर्फबारी के कारण पेड़ों को होने वाले नुकसान को रोकना मुश्किल हो रहा है।

साथ ही, दारचा क्षेत्र में मनाली से लेह जा रहे 200 से अधिक मालवाहक वाहन बर्फबारी के कारण फंस गए हैं। इस स्थिति से चालक और मालवाहक मालिक परेशान हैं। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि वे क्षेत्र का दौरा कर रही हैं और जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को राहत कार्य तेज करने और अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। बर्फबारी थमते ही सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग द्वारा काजा डिवीजन और कुंजम दर्रे के रास्तों की बहाली प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।

जनजीवन प्रभावित होने के बावजूद, बीआरओ ने केलांग से अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और केलांग-उदयपुर मार्ग से बर्फ हटाकर ट्रैफिक बहाल कर दिया है। विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि मंगलवार, 7 अक्टूबर से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग को सेब के पेड़ों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

snow
Scroll to Top